मॉस्को, 1 जून (आईएएनएस)। रूस के पुलिसकर्मी 2016 यूरोपियन कप से पहले और इसके आयोजन दौरान सुरक्षा प्रदान करने में अपने फ्रांसीसी सहयोगियों की मदद करेंगे। यूरो कप 2016 फ्रांस में 10 जून से शुरू हो रहा है।
रूस के अंतरिम मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा कि विशेष रूप से प्रशिक्षित छह पुलिसकर्मियों को फ्रांस भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, “रूस के अंतरिम मंत्रालय ने यूरो कप 2016 के दौरान और इससे पहले सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंतर्राष्ट्रीय पुलिस अभियान में हिस्सा लेने के फ्रांस के अंतरिम मंत्रालय के प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।”
प्रवक्ता ने कहा कि रूसी पुलिसकर्मियों की फ्रांस में तैनाती टूर्नामेंट में रूस की फुटबाल टीम की प्रगति पर निर्भर करेगी।
प्रत्येक चार वर्ष में होने वाले यूरोप के सबसे बड़े फुटबाल टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले रूस की टीम चेक गणराज्य के साथ एक जून को आस्ट्रिया के इंसब्रक में और क्रोएशिया के साथ पांच जून को मोनाको में मैत्रीपूर्ण मुकाबला खेलेगी।
यूरोपियन फुटबाल चैम्पियनशिप टूर्नामेंट 2016 का आयोजन फ्रांस में 10 जून से 10 जुलाई तक होगा। इस दौरान देश के 10 शहरों में यह मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें 24 टीमें हिस्सा लेंगी।
इस चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने वाली टीमों को छह समूहों में विभाजित किया गया है। रूस के साथ ग्रुप-बी में इंग्लैंड, वेल्स और स्लोवाकिया शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath