‘रईस’ की रिलीज को लेकर वितरक को धमकी

मुंबई, 11 जनवरी (आईएएनएस)। फिल्मों के एक वितरक ने शाहरुख की आगामी फिल्म ‘रईस’ को लेकर शिव सेना की छत्तीसगढ़ इकाई से धमकी भरा खत मिलने का दावा किया है।

वितरक का कहना है कि उन्हें यह खत सुपरस्टार शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘रईस’ की रिलीज के लिए मिल रहे हैं, जिसमें पाकिस्तानी अभिनेत्री माहिरा खान भी मुख्य भूमिका में हैं।

राहुल ढोलकिया निर्देशित फिल्म ‘रईस’ 25 जनवरी को रिलीज होगी।

मुंबई के वितरक अक्षय राठी ने ट्विटर पर शिव सेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे और युवा सेना के प्रमुख आदित्य ठाकरे तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह को टैग करते हुए धमकी भरे खत की एक तस्वीर पोस्ट की। यह खत देवनागरी भाषा में लिखी गई है।

अपने ट्वीट में राठी ने लिखा, “आदित्य हमें आपकी पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई से शाहरुख अभिनीत फिल्म ‘रईस’ की रिलीज के खिलाफ यह धमकी भरा खत मिला है। क्या आप इसका समर्थन करते हैं?”

एक अन्य ट्वीट में राठी ने लिखा, “रमन और अभिषेक सिंह आप कृपया इस मामले को देखें, ताकि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था मजबूत हो।”

राठी ने इस मामले पर प्रकाश डालने के लिए शाहरुख के प्रशंसकों की भी मदद ली है।

उन्होंने लिखा, “मैं शाहरुख के सभी प्रशंसकों से इस मामले को आदित्य तक पहुंचाने के लिए मदद चाहता हूं। आशा है कि वह इस नासमझी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।”

आईएएनएस ने जब इस मामले में दिल्ली के वितरक जोगिंदर महाजन से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने कहा कि उत्तरी क्षेत्र के किसी भी वितरक को इस प्रकार का खत नहीं मिला है।

महाजन ने आईएएनएस को दिए बयान में कहा, “अगर किसी फिल्म को रिलीज की स्वीकृति मिल गई है, तो इसे रिलीज होने से कोई भी नहीं रोक सकता। ‘रईस’ 25 जनवरी को रिलीज होगी। हमारे क्षेत्र में किसी को भी धमकी भरा खत नहीं मिला है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493