रजनीकांत, कमल हासन छात्रा अनीता की आत्महत्या से दुखी

चेन्नई, 2 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के खिलाफ लड़ाई लड़ रही एक दलित छात्रा अनीता की आत्महत्या पर दक्षिणी फिल्मों के सुपरस्टार अभिनेता रजनीकांत और कमल हासन ने गहरा दुख जताया है। अनीता ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली, उसके बाद समूचे तमिलनाडु में शोक की लहर है।

दिहाड़ी मजदूर की बेटी अनीता (17) सर्वोच्च न्यायालय में नीट के खिलाफ याचिका दायर करने वालों में शामिल थी।

12वीं कक्षा में 1,176 अंक लाने के बावजूद उसे नीट में कम अंक मिले, जिस वजह से नीता को एमबीबीएस कोर्स में दाखिला नहीं मिल पा रहा था।

उसने शुक्रवार को अरियालुर जिले स्थित अपने गांव में आत्महत्या कर ली। उसकी मौत के बाद समाज के हर तबके से नीट के विरोध की आवाज उठ रही है।

अभिनेता कमल हासन ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा, “हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी छात्र भविष्य में ऐसा कदम न उठाए। यह अंत नहीं है। हम लड़ेंगे और जीतेंगे। हमें अदालत के समक्ष अपनी आवाज और मजबूती से उठानी चाहिए।”

सुपरस्टार रजनीकांत ने पूरी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए ट्वीट कर कहा, “अनीता के साथ जो भी हुआ, वह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरा दिल यह सोचकर सिहर उठता है कि ऐसा दर्दनाक कदम उठाने से पहले वह किस प्रकार की पीड़ा से गुजर रही होगी। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493