नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। प्रदूषण के कारण दिल्ली में निर्धारित रणजी ट्रॉफी के दो लीग मैच नहीं हो पाए थे। इसी को देखते हुए टूर्नामेंट के नॉकआउट दौर के कुछ मैचों की तारीखों में परिवर्तन किया गया है।
टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मैचों की तरीखों में बदलाव किए हैं।
17 दिसंबर से शुरू होने वाला क्वार्टर फाइनल मैच अब 24 से 28 दिसंबर के बीच खेला जाएगा। वहीं, 27 दिसंबर को खेला जाना वाला सेमीफाइनल अब सात जनवरी 2017 से शुरू होगा।
बीसीसीआई ने इस कार्यक्रम के अलावा ईरानी ट्रॉफी की तारीख का ऐलान भी कर दिया है। ईरानी ट्रॉफी का मैच 22 जनवरी से 26 जनवरी के बीच खेला जाएगा। ईरानी ट्रॉफी में मौजूदा सत्र की रणजी विजेता और शेष भारत एकादश की टीमें खेलती हैं।
टूर्नामेंट के लीग दौर में ग्रुप-ए में गुजरात और बंगाल तथा ग्रुप-सी में हैदराबाद और त्रिपुरा का मैच नहीं हो पाए थे। यह मैच अब क्रमश: विशाखापट्नम और कोलकाता में खेले जाएंगे।
पांचवें दौर के यह दोनों मैच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला और करनैल सिंह स्टेडियम में होने थे लेकिन बिना एक भी गेंद हुए इन मैचों को रद्द कर दिया गया था। मैच के पहले दिन खिलाड़ियों ने आंखों में जलन की शिकायत की थी। दूसरे दिन भी वायु में परिवर्तन नहीं देखा गया था और मैचों को रद्द कर दिया गया था।
बीसीसीआई ने कहा था कि यह मैच टूर्नामेंट के लीग चरण के बाद आयोजित किए जाएंगे और दिल्ली से बाहर खेले जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath