चेन्नई 13 जनवरी (आईएएनएस)। एमए चिदंबरम स्टेडियम में जारी रणजी ट्रॉफी ग्रुप-ए के मुकाबले में तमिलनाडु के तेज गेंदबाज राहिल शाह (63/5) की धारदार गेंदबाजी के आगे उत्तर प्रदेश की पहली पारी मैच के पहले ही दिन मंगलवार को 182 रनों पर धराशायी हो गई।
तमिलनाडु भी हालांकि दिन का खेल खत्म होने तक 53 रन बनाने में दो विकेट गंवा चुका है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे उत्तर प्रदेश की शुरुआत बेहद खराब रही और चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर शून्य के कुल योग पर तन्मय श्रीवास्तव पवेलियन लौट गए।
प्रथम श्रेणी में पदार्पण मैच खेल रहे हिमांशु असनोरा (21) इसके बाद आकाश वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 रन ही जोड़ सके थे कि वर्मा का विकेट भी गिर गया।
उप्र के लिए आरिश आलम (47) और उमंग शर्मा (27) ने चौथे विकेट के लिए सर्वाधिक 45 रनों की साझेदारी निभाई। उप्र के विकेट लगातार गिरते रहे और 74.4 ओवरों में पूरी टीम ढह गई।
पहला विकेट चटकाने वाले विजय शंकर ने सात ओवर गेंदबाजी की और एक भी रन नहीं दिया।
उप्र को सस्ते में पवेलियन भेजने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी तमिलनाडु की शुरुआत भी लड़खड़ा गई। उमाशंकर सुशील (4) और विजय शंकर (14) पवेलियन लौट चुके हैं, जबकि कप्तान अभिनव मुकुंद (नाबाद 26) बाबा अपराजित (नाबाद 1) के साथ पवेलियन लौटे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath