रणजी ट्रॉफी : रेलवे ने बड़ौदा को 7 विकेट से हराया

नागपुर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। रेलवे ने रणजी ट्रॉफी के छठे दौर के मुकाबले में बड़ौदा को सात विकेट से हरा दिया है। यह रेलवे की इस सत्र में पहली जीत है।

विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए के इस मैच के आखिरी दिन बुधवार को रेलवे को जीत के लिए चौथी पारी में महज 113 रनों की दरकार थी, जिसे उसने तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।

रेलवे ने मैच के तीसरे दिन मंगलवार को बड़ौदा की दूसरी पारी 239 रनों पर समेटने के बाद मिले आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए तीसरे दिन का खेल रुकने तक दो विकेट के नुकसान पर 90 रन बना लिए थे।

चौथे और अंतिम दिन इसी स्कोर से आगे खेलने उतरी रेलवे को जीत के लिए सिर्फ 23 रनों की और दरकार थी जिसे हासिल करने में उसे सिर्फ एक विकेट और गंवाना पड़ा। सलामी बल्लेबाज शिवाकांत शुक्ला 56 रनों पर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाई।

इस जीत के साथ रेलवे को छह अंक मिले और वह नौ टीमों के ग्रुप-ए में नौ अंकों के साथ सबसे निचले पायदान से दो स्थान ऊपर सातवें स्थान पर आ गया।

रेलवे ने बड़ौदा की पहली पारी भी महज 183 रनों पर समेट दी थी। बड़ौदा की पहली पारी सस्ते में समेटने के बाद रेलवे ने सौरव वाकस्कर (104) और महेश रावत (72) की बेहतरीन बल्लेबाजी की मदद से अपनी पहली पारी में 310 रन बनाए और बड़ौदा पर 127 रनों की बढ़त ले ली।

बड़ौदा के बल्लेबाज दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर पाए और टीम दीपक हुड्डा के 98 रनों की मदद से 239 रनों पर सिमट गई और रेलवे के सामने 113 रनों का औसत लक्ष्य रख सकी।

रेलवे को भी इस मामूली से लक्ष्य को हासिल करने में कोई दिक्कत नहीं हुई। शिवाकांत ने 100 गेंदों में नौ चौके और एक छक्का लगाते हुए टीम को जीत दिलाई। पहली पारी में शतक लगाने वाले सौरव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493