नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-सी के मैच में मुंबई की टीम ओडिशा के खिलाफ अपनी दूसरी पारी में लड़खड़ा गई। दूसरे दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक मुंबई ने तीन विकेट 53 रनों पर ही खो दिए हैं।
इन तीन विकेटों में पहली पारी के शतकवीर युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (46), अखिल हेरवाडकर (3) और अजिंक्य रहाणे (0) के अहम विकेट हैं। स्टम्पस तक सूर्यकुमार यादव नौ रनों पर नाबाद हैं। वहीं धवल कुलकर्णी को खाता खोलना बाकी है।
हालांकि मुंबई ने दूसरी पारी में कमजोर पड़ने के बावजूद ओडिशा पर 202 रनों की बढ़त ले ली है। मुंबई ने पहली पारी में 283 रन बनाए थे और ओडिशा को उसकी पहली पारी में 145 रनों पर ही ढेर कर दिया।
अपने पहले दिन के स्कोर छह विकेट के नुकसान से आगे खेलने उतरी मुंबई दूसरे दिन अपने खाते में 25 रन ही जोड़ पाई। ओडिशा के लिए बसंत मोहंती ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।
हालांकि ओडिशा इस लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंच सकी और लगातार विकेट खोकर दूसरे दिन ही पवेलियन लौट गई। उसके लिए बिपलव महांत्री ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाए। शांतानु मिश्रा ने 36 और दीपक बेहरे ने 28 रन बनाए।
बाकी कोई और बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। उसके छह बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी मुंबई ने हेरवाडकर और रहाणे के रूप में दो शुरुआती झटके लगे। दूसरे छोर से पृथ्वी अपने अर्धशतक की ओर बढ़ते हुए दिख रहे थे, लेकिन बेहरा ने उनकी पारी का अंत कर दिया।
वहीं ग्रुप-ए के मैच में उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय राजधानी में खेले जा रहे मैच में दिल्ली को पहली पारी में बैकफुट पर धकेल दिया है। दिल्ली ने उत्तर प्रदेश द्वारा पहली पारी में बनाए गए 291 रनों के जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में अपने छह विकेट 228 रनों पर ही खो दिए हैं।
स्टम्प्स तक ध्रूव शेारे 65 रनों पर नाबाद हैं। उनके साथ पुलकित नारंग चार रन बनाकर खेल रहे हैं। दिल्ली को सधी हुई शुरुआत मिली। उसके लिए उन्मुक्त चंद (21) और गौतम गंभीर (86) ने पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़े। तीन विकेट लेने वाले सौरभ कुमार ने उन्मुक्त चंद को पवेलियन भेजा। गंभीर की पारी का अंत भी सौरभ ने 125 के कुल स्कोर पर किया। गंभीर ने 122 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके लगाए।
इसी बीच दिल्ली ने मिलिंद कुमार (0) ऋषभ पंत (30) मनन शर्मा (9) और नीतिश राणा (13) के रूप में लगातार अंतराल पर चार विकेट खो दिए। हालांकि शोरे इस बीच एक छोर संभाले खड़े रहे।
दिल्ली अभी भी उत्तर प्रदेश से 63 रन पीछे है।
ग्रुप-डी में बंगाल ने हिमाचल प्रदेश पर मजबूत पकड़ बना ली है। पहली पारी में अभिषेक रमन (176) और कप्तान मनोज तिवारी (123) की शतकीय पारियों के दम पर बंगाल ने 419 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर अशोक डिंडा तथा मोहम्मद शमी के दो-दो विकेटों की मदद से दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक हिमाचल प्रदेश के पांच विकेट 163 रनों पर ही चटका कर उसे बैकफुट पर धकेल दिया है।
स्टम्प्स तक अमित कुमार चार रन बनाकर नाबाद हैं जबकि अंकुश बैंस को खाता खोलना बाकी है। बंगाल ने दिन की शुरुआत पांच विकेट के नुकसान पर 306 रनों के साथ की। मनोज तिवारी पहले दिन 78 रनों के स्कोर पर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन उन्होंने अपना शतक पूरा किया। श्रीवत्स गोस्वामी 28 रनों का योगदान दे सके। तिवारी 388 रनों के कुल स्कोर पर आउट हुए। 223 गेंदों में 11 चौके और एक छक्के की मदद से शतकीय पारी खेलने वाले तिवारी ऋषि धवन का शिकार बने।
पहली पारी खेलने उतरी हिमाचल प्रदेश को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। डिंडा ने इस रणजी सत्र का शानदार आगाज करने वाले प्रशांत चोपड़ा (6) को नौ के कुल स्कोर पर पवेलियन भेजा। हालांकि इसके बाद कप्तान सुमीत वर्मा (64) ने दूसरे सलामी बल्लेबाज प्रियांशू खंडूरी (52) के साथ मिलकर टीम को संभाला और स्कोर सौ के पार ले गए।
101 के कुल स्कोर पर शमी ने खंडूरी को पवेलियन भेज इस साझेदारी को तोड़ा यहां से मेहमान टीम लड़खड़ा गई और उसने 159 के कुल स्कोर पारस डोगरा (7), खंडूरी और निखिल गंगटा (24) के विकेट खो दिए।
dharmpath.com dharmpath