वडोदरा, 5 नवंबर (आईएएनएस)। ललित यादव (5 विकेट) की धारदार गेंदबाजी की बदौलत विदर्भ ने रणजी ट्रॉफी के पांचवें दौर के मैच के पहले दिन शनिवार को कर्नाटक की पहली पारी 276 रनों पर ही समेट दी।
मोती बाग स्टेडियम में खेले जा रहे ग्रुप-बी के इस मैच में दिन का खेल खत्म होने तक विदर्भ ने अपनी पहली पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 10 रन बना लिए हैं।
कर्नाटक के लिए सर्वोच्च स्कोरर कृष्णाप्पा गौतम (नाबाद 60) रहे। उन्होंने अहम समय पर श्रीनाथ अरविंद (26) के साथ 10वें विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी कर टीम को 250 के पार पहुंचाया।
इस साझेदारी से पहले कर्नाटक ने अपने नौ विकेट महज 189 रनों पर ही गंवा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि पूर्व विजेता 200 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगा। लेकिन गौतम और अरविंद की जोड़ी ने उसे सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
कर्नाटक की शुरुआत खराब रही और दो रनों के कुल योग पर ही मंयक अग्रवाल (2) को ललित ने पवेलियन भेजा। रविकुमार समर्थ (12) ने रोबिन उथप्पा (46) के साथ पारी को आगे बढ़ाया। समर्थ 37 और उथप्पा 77 के कुल योग पर आउट हुए।
इसके बाद कनार्टक के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। अंत में गौतम और अरविंद ने न सिर्फ टीम को संभाला बल्कि उसे अच्छा स्कोर प्रदान किया। दोनों ने 14.2 ओवरों में 5.44 की औसत से रन जोड़े।
गौतम ने अपनी जुझारू पारी में 59 गेंदें खेलीं और छह चौके एवं दो छक्के लगाए। अरविंद के रूप में कर्नाटक का आखिरी विकेट गिरा। 39 गेंदों में तीन चौके एवं एक छक्के की मदद से संघषपूर्ण पारी खेलने वाले अरविंद को ललित ने विकेट के पीछे कैच करवाया।
विदर्भ की तरफ से ललित के अलावा रविकुमार ठाकुर ने तीन विकेट लिए। आदित्य सरावाटे और अक्षय वघारे को एक-एक विकेट मिला।
dharmpath.com dharmpath