मुंबई, 22 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा ने बताया कि उन्होंने दीपक तिजोरी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘दो लफ्जों की कहानी’ की शूटिग पूरी कर ली है।
रणदीप (38) ने माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर यह जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने ट्विटर पर दीपक तिजोरी, सह अभिनेत्री काजल अग्रवाल और फिल्म की टीम के अन्य सदस्यों के साथ अपनी एक फोटो साझा की।
रणदीप ने बुधवार को ट्वीट किया, “फिल्म ‘दो लफ्जों की कहानी’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। पुराने दिन याद आ रहे हैं, जब फिल्म की पूरी टीम एक साथ थी।”
रणदीप इससे पहले बड़े पर्दे पर फिल्म ‘उंगली’ में दिखे थे। इस हास्य फिल्म का निर्देशन रेंसिल डिसिल्वा ने किया था।
रणदीप इस समय पाकिस्तान की जेल में बंद रहे दिवंगत भारतीय कैदी सरबजीत सिंह पर बन रही उमंग कुमार की फिल्म ‘सरबजीत’ में व्यस्त हैं। सरबजीत की पाकिस्तान की जेल में मौत हो गई थी। फिल्म में सरबजीत की बहन के किरदार में ऐश्वर्य राय बच्चन को लिया गया है।
dharmpath.com dharmpath