रणबीर बड़े सितारे : दीपिका

मुंबई, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। रणबीर कपूर की पिछली कुछ फिल्मों की असफलता के बावजूद अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का मानना है कि वह बड़े सितारे हैं और फिल्म में भरपूर योगदान देते हैं।

रणबीर और दीपिका की जोड़ी एक बार फिर रुपहले पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने जा रही है। दोनों इम्तियाज अली निर्देशित फिल्म ‘तमाशा’ में नजर आएंगे, जो 27 नवंबर को प्रदर्शित होगी।

इस बारे में पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लगता है कि उनका स्टारडम ‘तमाशा’ के जरिये रणबीर को उनके इस दौर से उबरने में मदद करेगा, दीपिका ने मुस्कुराते हुए कहा, “मेरा मानना है कि किसी भी फिल्म की सफलता या असफलता में उससे जुड़े हर व्यक्ति का योगदान होता है। हर किसी के करियर में सफलता और असफलता के दौर आते रहते हैं।”

गौरतलब है कि रणबीर की पिछली तीन फिल्में ‘बेशरम’, ‘रॉय’ और ‘बॉम्बे वेलवेट’ असफल रही थीं।

दीपिका ने रणबीर के बारे में ये बातें ऐक्सिस बैंक के नए प्रीपेड वॉलेट ऐप ‘लाइम’ के शुक्रवार को लॉन्च के मौके पर कही। वह रणबीर के साथ ‘बचना ऐ हसीनों’ और ‘ये जवानी है दीवानी’ में काम कर चुकी हैं। दोनों फिल्में सफल रही थीं और उनकी जोड़ी को पर्दे पर खूब पसंद किया गया।

रणबीर के बारे में सीधे तौर पर कोई भी बात करने से बचते हुए दीपिका ने फिल्म ‘तमाशा’ के बारे में खूब बातें की। उन्होंने कहा कि उन्हें फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।

‘तमाशा’ का ट्रेलर 22 सितम्बर को रिलीज होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493