रांची, 12 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने झारखंड क्रिकेट संघ मैदान पर शुक्रवार को खेले गए दूसरे टी-20 मैच में श्रीलंका को 69 रनों से हरा दिया। इसके साथ भात ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।
भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में छह विकेट पर 196 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी मेहमान टीम 20 ओवरों में नौ विकेट पर 127 रन ही बना सकी।
भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने तीन विकेट लिए जबकि रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और आशीष नेहरा ने दो-दो विकेट हासिल किए। श्रीलंका की ओर से कप्तान दिनेश चांडीमल ने 31 और चामारा कापूगेदारा ने 32 रन बनाए। मिलिंद श्रीवर्धना 28 रनों पर नाबाद लौटे।
इससे पहले, भारत की ओर से शिखर धवन ने 51, रोहित शर्मा ने 43, अजिंक्य रहाणे ने 25 रन, सुरेश रैना ने 30 और हार्दिक पंड्या ने 27 रन बनाए। धवन ने 22 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया।
श्रीलंका की ओर से थिसिरा परेरा ने हैट्रिक के साथ तीन विकेट लिए जबकि दुष्मंथ चामीरा ने दो विकेट लिए। सचित्र सेनानायके को एक विकेट मिला।
तीसरा और अंतिम मैच 14 फरवरी को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath