रांची रेज ने इंग्लैंड के जैक्सन को बनाया कप्तान

रांची, 15 जनवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) की फ्रेंचाइजी और पहली बार टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही रांची रेज के नेतृत्व का जिम्मा इंग्लैंड के एश्ले जैक्सन को सौंपा गया है। एचआईएल का तीसरा संस्करण 22 जनवरी से शुरू होना है।

रांची रेज ने साथ ही हरेंद्र सिंह को मुख्य कोच और क्लारेंस लोबो तथा ए. बी. सुबिहा को क्रमश: सहायक कोच और गोलकीपर कोच नियुक्त किया है।

टीम के सह-मालिक और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा, “अनुभव और प्रदर्शन को देखते हुए हमने जैक्सन को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। हमें उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी।”

जैक्सन बीते वर्ष ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली इंग्लैंड टीम के सदस्य रहे थे।

जैक्सन ने खुद को टीम का कप्तान नियुक्त किए जाने पर कहा, “रांची रेज टीम का कप्तान नियुक्त किया जाना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि आगे बढ़ कर टीम का नेतृत्व करूं। हमारी टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेने और अच्छा प्रदर्शन करने को लेकर उत्साहित है।”

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493