‘राजनीति प्रेरित चरमपंथ’ बढ़ने से आस्ट्रेलिया में चिंता

कैनबरा, 14 अगस्त (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के सुरक्षा अधिकारियों ने देश में दक्षिणपंथी चरमपंथी समूहों का प्रभाव बढ़ने पर चिंता जताई है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के सुर्खियों में आने के बाद, 2015 में कई इस्लाम विरोधी कट्टर समूह अस्तित्व में आए। आस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (एएफपी) और आस्ट्रेलियन सिक्योरिटी इंटेलीजेंस आर्गनाइजेशन (एएसआईओ) ने इन इस्लाम विरोधी तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी हुई है।

युनाइटेड पैट्रियाट फ्रंट, राइज अप आस्ट्रेलिया और आस्ट्रेलियन डिफेंस लीग जैसे समूह बहुसंस्कृतिवाद के खिलाफ हैं और ‘राष्ट्रों के इस्लामीकरण’ को रोकना चाहते हैं।

शनिवार को संघीय पुलिस सहायक आयुक्त जेनिफर हर्स्ट ने कहा कि राजनीतिक रूप से प्रभावित चरमपंथी बढ़ रहे हैं और यह एएफपी और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता की बात है।

दक्षिणपंथी समूहों के सदस्यों की निगरानी तब बढ़ गई जब आस्ट्रेलियन डिफेंस लीग सदस्य फिलिप गलिया की मेलबर्न में गिरफ्तारी हुई। उस पर आतंकवाद से जुड़े आरोप लगे हैं।

पुलिस ने मेलबर्न की मजिस्ट्रेट अदालत में कहा कि गलिया के फोन को तीन महीने तक सुनने के बाद वह इस 31 साल के व्यक्ति तक पहुंची जो आतंकवादी हमले की योजना बना रहा था। उसके पास से हमले से संबंधित सामान बरामद किए गए।

शनिवार को प्रकाशित एक जांच रिपोर्ट बताती है कि गलिया और दो अन्य दक्षिणपंथी, एक कट्टर वामपंथी समूह के सदस्यों पर हमले की योजना बना रहे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493