राजपक्षे की पार्टी ने स्थानीय निकाय चुनाव में जीत दर्ज की

कोलंबो, 12 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे व उनकी पार्टी श्रीलंका पोदुजना पेरामुना (एसएलपीपी) ने 340 में से 239 स्थानीय निकायों में जीत दर्ज की है। निर्वाचन आयोग ने सोमवार को यह घोषणा की।

प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ युनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) ने 41 स्थानीय निकायों में जीत दर्ज की, जबकि आईटीएके ने 34 में जीत दर्ज की। आईटीएके अल्पसंख्यक तमिल आबादी का प्रतिनिधित्व करती है। राष्ट्रपति मैत्रिपला सिरिसेना की अगुवाई वाली श्रीलंका फ्रीडम पार्टी (एसएलएफपी) को 10 स्थानीय निकायों में जीत मिली है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सरकार में शामिल दलों की हार के बाद राष्ट्रपति सिरिसेना ने रविवार को एसएलएफपी के मंत्रियों से मुलाकात की, जो राष्ट्रीय एकता सरकार का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उल्लेखनीय बदलाव लाएंगे।

सिरिसेना ने कैबिनेट मंत्रियों से कहा, “देश के लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है और मैं उनके संदेश का सकारात्मक जवाब दूंगा और जल्द से जल्द उसी अनुरूप जरूरी बदलाव करूंगा।”

प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने भी अपनी युनाइटेड नेशनल पार्टी के मंत्रियों की बैठक बुलाई और कहा कि चुनावी नतीजे हमारे लिए चेतावनी हैं। उन्होंने भी कहा कि लोगों की इच्छा के अनुरूप कुछ बड़े फैसले किए जाएंगे।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री, दोनों ने कहा कि उनके दलों वाली राष्ट्रीय एकता सरकार 2020 तक का अपना कार्यकाल पूरा करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493