नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। हास्य अभिनेता जयंशकर त्रिपाठी को राजश्री प्रोडक्शन की नई फिल्म ‘हम चार’ में एक महत्वपूर्ण भूमिका के लिए चुना गया है। फिल्म की शूटिंग इन दिनों मथुरा में चल रही है।
सोनी के धारावाहिक ‘क्राइम पेट्रोल’ और कलर के धारावाहिक ‘कृष्णदासी’ से पहचान बना चुके जयंशकर राजश्री बैनर से जुड़ाव को अपना सौभाग्य मानते हैं। उनका कहना है कि ‘हम चार’ उनके करियर में चार चांद लगा सकती है, जिसमें वह एक जमींदार की भूमिका निभा रहे हैं।
अभिषेक भारद्वाज निर्देशित इस फिल्म की शूटिंग फिलहाल मथुरा में चल रही है, और बकौल जयशंकर यह फिल्म दीवाली के मौके पर रिलीज होने वाली है।
इसके अतिरिक्त वह अमिताभ बच्चन और आमिर खान की भूमिकाओं वाली यशराज बैनर की फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ में भी एक प्रमुख भूमिका में हैं, और यह फिल्म भी दीवाली के मौके पर रिलीज होने वाली है।
विजयकृष्ण आचार्य निर्देशित ठगों की कहानी पर आधारित इस फिल्म में जयशंकर भी एक ठग की भूमिका में हैं।
बहरहाल, लगभग 400 विज्ञान फिल्मों और दर्जन भर टीवी धारावाहिकों में काम करने के बावजूद एक अदद मुकाम का इंतजार कर रहे जयशंकर को उम्मीद है कि आने वाली दीवाली उनके अभिनय कॅरियर में वाकई दीवाली लेकर आएगी।
dharmpath.com dharmpath