चेन्नई, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। जर्मनी की प्रमुख रसायन वितरक कंपनी ब्रेनटैग ने सोमवार को कहा कि उसने राज पेट्रो स्पेशिलिटीज प्रा. लि. के प्रमोटरों के साथ के साथ एक सौदे पर हस्ताक्षर किया है, जिसके तहत वह कंपनी की 65 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी।
ब्रेनटैग समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीवन हॉलैंड ने यहां संवाददाताओं से कहा, “राज पेट्रो का कुल उद्यम मूल्य 9.2 करोड़ यूरो (8.25 करोड़ डॉलर) है। इस अधिग्रहण से कंपनी भारतीय रसायन वितरण बाजार में अगला कदम बढ़ा रही है, जो रसायन में दुनिया का सातवां सबसे बड़ा बाजार है और लुब्रिकेंट में तीसरा सबसे बड़ा बाजार है।”
समूह के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एशिया प्रशांत क्षेत्र) हेनरी नेजादे के मुताबिक, कंपनी का भारतीय कारोबार करीब सात करोड़ यूरो का है और राज पेट्रो के अधिग्रहण से जर्मनी की इस कंपनी का भारत के बाहर का कुल कारोबार साल 2018 के मार्च तक 25 करोड़ यूरो से ज्यादा का हो जाएगा।
जर्मनी की इस कंपनी की उपस्थिति 74 देशों में है तथा साल 2016 में इसने कुल 10.5 अरब यूरो का कारोबार किया था।
राज पेट्रो का कारोबार कुल 1,190 करोड़ रुपये का है और यह पेट्रोलियम उत्पाद बनाती है, जिसमें ट्रांसफर्मर ऑयल्स, व्हाइट आयल्स और पैराफिन्स, पेट्रोलियम जेली, प्रोसेस आयल्स, वाक्सेज और सॉलवेंट समेत औद्योगिक और वाहन लुब्रिकेंट्स शामिल है।
राज पेट्रो के निदेशक अमित नानावटी ने बताया कि सौदे के मुताबिक बाकी के 35 हिस्सेदारी का ब्रेनटैग पांच साल के बाद अधिग्रहण करेगी, जिसमें एक या दो साल के विस्तार का प्रावधान किया गया है।
dharmpath.com dharmpath