राष्ट्रमंडल खेलों की सफलता महज शुरुआत : बीएफआई अध्यक्ष

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय मुक्केबाजों की सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि यह सफलता खेल में अच्छे दिनों की शुरुआत है।

उन्होंने साथ ही मुक्केबाजों को आगाह किया कि वे इस सफलता को सिर पर चढ़ने नहीं दें।

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय मुक्केबाजों ने कुल नौ पदक जीते।

सिंह ने कहा है कि खिलाड़ियों को आने वाले सीजन को ध्यान में रखते हुए अपना ध्यान सिर्फ खेल पर ही रखना चाहिए।

राष्ट्रमंडल खेलों से लौटने पर बीएफआई ने मुक्केबाजों का सम्मान समारोह आयोजित किया। इस मौके पर सिंह ने आईएएनएस से कहा, “यह निश्चित तौर पर ऐतिहासिक प्रदर्शन है। हमें अपने मुक्केबाजों पर गर्व है। मैं साथ ही प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ का भी उनके समर्थन के लिए शुक्रिया अदा करता हूं। लेकिन, मैं कहना चाहता हूं कि यह तो महज शुरुआत है।”

उन्होंने कहा, “गोल्ड कोस्ट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद हमें अति आत्मविश्वास से बचना चाहिए। अभी काफी कुछ हासिल करना बाकी है, हमारा लक्ष्य 2020 और 2024 ओलम्पिक खेलों में पदक जीतना है।”

सिंह ने कहा, “हम भविष्य के लिए टीम तैयार करना चाहते हैं और इस बात को सुनिश्चित करना चाहते हैं कि भारत इस खेल में दिग्गज बने और मुक्केबाजी में उसका नाम हो।”

सिंह ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों का प्रदर्शन बीएफआई की कड़ी मेहनत का नतीजा है। उन्होंने साथ ही मुक्केबाजों को सावधान करते हुए कहा कि आने वाले एशियाई खेल आसान नहीं होंगे।

उन्होंने कहा, “राष्ट्रमंडल खेलों का प्रदर्शन बताता है कि हम सही रास्ते पर हैं। आने वाले दिनों में, अगस्त में एशियाई खेल होने हैं, हमें और मुश्किल प्रतिस्पर्धा का सामना करना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493