गोल्ड कोस्ट, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में एक एथलीट पर हमला होने का मामला सामने आया है जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) ने कहा है कि उन्हें ‘अशोभनीय हमले’ की एक शिकायत मिली है जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है।
आस्ट्रेलियाई मीडिया में जारी खबरों के मुताबिक यह एथलीट राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने गोल्ड कोस्ट आया हुआ है। खबरों के अनुसार आरोपी मारिशस का अधिकारी है।
सीजीएफ के प्रमुख कार्यकारी डेविड ग्रेवेम्बर्ग ने कहा,” हमले की शिकायत हमारे लिए चिंता का विषय है क्योंकि हमने मुक्त वातावरण में खेलों को आयोजित करने का वादा किया है। राष्ट्रमंडल खेलों में इस तरह की चीजों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।”
राष्ट्रमंडल खेलों में इस बार 71 देशों के करीब 4500 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath