राष्ट्रमंडल खेल (एथलेटिक्स) : 100 मीटर रेस में योहान को चुनौती देने को तैयार एडम

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 3 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्रिटेन के धावक एडम गेमिली इस साल राष्ट्रमंडल खेलों की 100 मीटर रेस स्पर्धा में स्वर्ण पदक के लिए जमैका के दिग्गज धावक योहान ब्लैक और दक्षिण अफ्रीका के उभरते सितारा अकानी सिम्बिने को कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार हैं।

एडम ने ग्लास्गो में 2014 में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल खेलों की इसी स्पर्धा में रजत पदक जीता था और इस बार वह स्वर्ण पर निशाना साधने को तैयार हैं।

एडम ने कहा, “जब ट्रैक पर जमैका और दक्षिण अफ्रीका जैसे धावक मौजूद हों, जो सबसे तेज दौड़ते हैं तो ऐसे में लोगों की नजर उन्हीं पर रहती है। यह सही है कि वे जीतने के लिए तैयार हैं, लेकिन चैम्पियनशिप में जीत हासिल करना इतना आसान नहीं होता।”

उन्होंने कहा, “मैंने इन धावकों के साथ प्रतिस्पर्धा की है और मैं यह जानता हूं कि अगर मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, तो मैं इन्हें चुनौती दे सकता हूं। मैं यहां केवल धावकों की संख्या बढ़ाने नहीं आया हूं। मैं लोगों को दिखा देना चाहता हूं कि बलिदान क्या होता है और यह क्यूं इतना जरूरी होता है।”

इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में ब्रिटेन की टीम में उसके दिग्गज मोहम्मद फराह और 2014 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता रदरफोर्ड नहीं है।

इस पर एडम ने कहा, “मेरा मानना है कि यह केवल खेल के आनंद लेने की बात है। अगर आप दर्शकों की भीड़ के समक्ष होते हैं, तो घबराहट होती है। पर आपको यह अक्सर देखने को नहीं मिलता। ऐसे में इस अवसर का फायदा उठाना जरूरी है। रेस में आपका सर्किट और समय मायने नहीं रखता, लेकिन चैम्पियनशिप में क्या हुआ है यह मायने रखता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493