राष्ट्रमंडल खेल (कुश्ती) : पूजा ने जीता रजत, 2 अंकों से छूटा स्वर्ण

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय महिला पहलवान पूजा ढांडा यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में नौवें दिन शुक्रवार को महिलाओं की 57 किलोग्राम स्पर्धा के फाइनल में केवल दो अंकों के अंतर से स्वर्ण पदक हासिल करने से चूक गईं।

पूजा को फाइनल में नाईजीरिया की ओडुनायो अडेकुओरोये ने 7-5 से मात देकर सोना जीता और भारतीय महिला पहलवान को रजत से संतोष करना पड़ा।

पहले दौर में पूजा को ओडुनायो की गलती से एक अंक मिला। वह नाईजीरिया की पहलवान को जकड़ने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन ओडुनायो उनके दोनों पैरों पर शिकंजा कसते हुए उन्हें बाहर ले गईं और उन्होंने 1-1 से बराबरी कर ली।

इसके बाद, ओडुनायो पूजा को पटकते हुए बाहर ले गईं और दो अंक लेकर 3-1 से बढ़त ले ली। अपना बचाव करने की भारतीय पहलवान पूरी कोशिश कर रही थीं। ओडुनायो इस बीच पूजा पर दबाव बनाते हुए 6-1 से आगे हो गईं। नाईजीरिया की पहलवान ने पांच अंकों की बढ़त ले ली थी।

दूसरे दौर में ओडुनायो अपना बचाव करने की कोशिश कर रही थीं, ताकि अपनी पांच अंकों की बढ़त से जीत हासिल कर सकें। पूजा पूरी तरह से आक्रामक होते हुए अंक लेने की कोशिश कर रही थीं।

अंतिम मिनट में आखिरकार पूजा को उन्हें पटकने के अंक हासिल हुए और उन्होंने अपना स्कोर 5-7 कर लिया, लेकिन अंतिम तीन सेकेंड में केवल दो अंकों के अंतर से सोना जीतने से चूक गईं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493