गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 11 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत को यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में बुधवार को सातवें दिन टेबल टेनिस में मिश्रित युगल स्पर्धा के अंतिम-32 दौर में मिले-जुले परिणाम मिले हैं।
इस दौर में जहां एक और अचंता शरथ और मोउमा दास की जोड़ी को जीत मिली है, वहीं पूजा सहस्रबुद्धे और हरमीत देसाई की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा।
शरथ और मोउमा की जोड़ी ने अपने मुकाबले में श्रीलंका की रोहन सिरिसेना और इशारा मदुरंगी को जोड़ी को 3-1 (11-6, 4-11, 11-9, 11-5) से मात दी और अंतिम-16 दौर में प्रवेश हासिल कर लिया।
अब अंतिम-16 दौर में गुरुवार को शरथ और मोउमा का सामना इंग्लैंड की कैली सिब्ले और डेविड मेक्बेथ की जोड़ी से होगा।
इसके अलावा, अंतिम-32 दौर में खेले गए एक अन्य मुकाबले में पूजा और हरमीत को जोड़ी को मलेशिया की जावेन चुंग और कारेन लेने की जोड़ी से हार का सामना कर बाहर होना पड़ा।
कारेन और जावेन की जोड़ी ने पूजा-हरमीत को 3-1 (11-6, 11-6, 3-11, 11-9) से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
dharmpath.com dharmpath