राष्ट्रमंडल खेल (निशानेबाजी) : हीना ने जमाया स्वर्ण पदक पर कब्जा (लीड-1)

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 10 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत की अनुभवी महिला निशानेबाज हीना सिद्धु ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में मंगलवार को छठे दिन महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

हीना ने भारत की झोली में छठे दिन का पहला और कुल 11वां स्वर्ण पदक डाला।

हीना ने इस स्पर्धा में कुल 38 अंक हासिल किए और महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड भी बनाया।

स्पर्धा में हालांकि, हीना की हम वतन अनु सिंह को निराशा हाथ लगी। वह छठे स्थान पर रहीं।

इस स्पर्धा के फाइनल में पांचवीं सीरीज तक हीना आस्ट्रेलिया की एलीना गैलियावोविक के पीछे थीं, जिन्होंने इस स्पर्धा का रजत पदक जीता।

इसके बाद, छठी सीरीज में हीना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आस्ट्रेलियाई निशानेबाज के खिलाफ बढ़त लेते हुए वापसी की।

सातवीं सीरीज में हीना ने एलीना के खिलाफ अंकों की बढ़त को बनाए रखा और यही क्रम उन्होंने आठवीं सीरीज में रखा।

नौवीं सीरीज में आस्ट्रेलियाई निशानेबाज और हीना के बीच रोमांचक मुकाबला देखा गया। 10वीं सीरीज में हीना ने अपने संयम को बनाए रखते हुए अच्छे निशाने लगाए और अंत में तीन अंकों की बढ़त से स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

एलीना को रजत पदक हासिल हुआ, वहीं मलेशिया की आलिया सजाना अजाहारी को कांस्य पदक मिला।

आस्ट्रेलिया की एलीना ने कुल 35 अंक हासिल किए और रजत जीता, वहीं मलेशिया की आलिया सजाना अजाहारी को 26 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493