राष्ट्रमंडल खेल (भारोत्तोलन) : विकास ने 94 किलोग्राम में जीता कांस्य पदक

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के भारोत्तोलक विकास ठाकुर ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में रविवार को चौथे दिन भारत की झोली में तीसरा कांस्य पदक डाला।

विकास ने कैरारा स्पोर्ट्स एरीना में आयोजित पुरुषों की 94 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।

इस स्पर्धा में विकास ने कुल 351 किलोग्राम का भार उठाया। उन्होंने स्नैच में 159 का भार उठाकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। क्लीन एंड जर्क में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और इस कारण उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

विकास ने स्नैच में पहले प्रयास में 152 किलो और दूसरे प्रयास में 156 किलोग्राम का भार उठाया। तीसरे प्रयास में उन्होंने 159 किलोग्राम का भार उठाकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

इसके बाद, क्लीन एंड जर्क में उन्होंने पहले प्रयास में 192 किलोग्राम का भार उठाया। हालांकि, दूसरे और तीसरे प्रयास में वह 200 किलोग्राम का भार उठा पाने में असफल रहे और इस कारण रजत पदक हासिल करने से चूक गए और उन्हें कांस्य पदक मिला।

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक पापुआ न्यू गिनी के स्टीवन कारी को मिला। उन्होंने कुल 370 किलोग्राम का भार उठाया। कनाडा के बॉडी सेंटेवी को रजत पदक मिला। उन्होंने कुल 369 किलोग्राम का भार उठाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493