गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 9 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय खिलाड़ी गुरदीप सिंह यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के पांचवें दिन सोमवार को भारोत्तोलन की 105 किलोग्राम से ज्यादा भारवर्ग की स्पर्धा में पदक से चूक गए।
गुरदीप को स्पर्धा में चौथा स्थान मिला। उन्होंने स्नैच में 175 का सर्वाधिक भार उठाया तो वहीं क्लीन एंड जर्क में 207 का सर्वाधिक भार उठाया। उनका कुल स्कोर 207 रहा।
क्लीन एंड जर्क में गुरदीप के दो प्रयास और स्नैच में एक प्रयास असफल रहा और इसी कारण वह पदक से चूक गए। न्यूजीलैंड के डेविड लिटी ने 403 का कुल स्कोर कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उन्होंने गेम रिकार्ड बनाते हुए सोने का तमगा हासिल किया।
समोआ के लाओटिटी लुई कुल 400 के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल करने में सफल रहे। कांस्य पदक पाकिस्तान के मोहम्मद नूह के हिस्से आया जिन्होंने 395 का कुल भार उठाया।
dharmpath.com dharmpath