गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 11 अप्रैल (आईएएनएस)। पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा ले रहे गौरव सोलंकी ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की 52 किलोग्राम मुक्केबाजी स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
बुधवार को सातवें दिन हुई इस स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जीत हासिल करने के साथ ही गौरव ने मुक्केबाजी में कांस्य पदक पक्का कर लिया है।
बल्लभगढ़ के निवासी गौरव ने क्वार्टर फाइनल में पापुआ न्यू गिनी के चार्ल्स कीमा को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से मात दी और अंतिम-4 में प्रवेश किया।
पहले राउंड में गौरव ने तीन बार के ओशियाना चैम्पियन कीमा के खिलाफ अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि, कीमा हावी होने की कोशिश कर रहे थे।
क्वार्टर फाइनल में गौरव हर तरीके से अपना बचाव कर रहे थे और इस दौरान उन्होंने कीमा के खिलाफ लेफ्ट हुक, जैब और क्रॉस का इस्तेमाल किया और दबाव बनाने की कोशिश की।
तीसरे राउंड में गौरव ने कीमा के पंचों से खुद को बचाते हुए राइट जैब, लेफ्ट हुक मारे और अंत में जीत हासिल की।
सेमीफाइनल में गौरव का सामना श्रीलंका के विंदानलांगे इशान बंडारा से होगा।
बंडारा ने बुधवार को ही खेले गए एक अन्य क्वार्टर फाइनल मैच में लेसोथो के थाबो मोलेफो को 4-1 से हराया।
dharmpath.com dharmpath