राष्ट्रमंडल खेल (हॉकी) : भारत ने कड़े मुकाबले में वेल्स को 4-3 से हराया (लीड-1)

गोल्ड कोस्ट (आस्ट्रेलिया), 8 अप्रैल (आईएएनएस)। एस.वी सुनिल द्वार आखिरी पल में पेनाल्टी कार्नर पर रिबाउंड पर किए गए गोल के दम पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन रविवार को पूल-बी के मैच में वेल्स को 4-3 से हरा दिया।

यह मुकाबला लगभग ड्रॉ लग रहा था, लेकिन सुनिल ने अहम समय पर गोल कर भारत को पहली जीत दिलाई।

वेल्स ने अपने ड्रैग फ्लिकर गारेथ फर्लोग की हैट्रिक के दम पर स्कोर 3-3 से बराबर कर लिया था। भारत जब भी मैच में बढ़त लेता, गारेथ गोल कर अपनी टीम को बराबरी पर ला देते।

भारत के लिए पहला गोल दिलप्रीत ने 16वें मिनट में किया। दिलप्रीत ने दाहिने छोर से शानदार डाइव मार भारत को 1-0 से आगे कर दिया, लेकिन एक मिनट बाद ही गारेथ ने वेल्स को बराबरी पर ला दिया।

मनदीप सिंह ने 27वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर रिबाउंड पर गोल कर भारत को एक बार फिर आगे कर दिया। वेल्स को हालांकि बराबरी का गोल करने के लिए 17 मिनट लगे। गारेथ ने स्कोर एक बार फिर बराबर कर दिया।

56वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इस बार हरमनप्रीत सिंह ने उसे गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की। भारत 3-2 से आगे था लेकिन गारेथ ने एक मिनट बाद ही भारतीय गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को मात देकर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।

हालांकि भारत का मनोबल गिरा नहीं और उसने आक्रमण जारी रखे और अगले ही मिनट उसे एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिस पर सुनिल ने रिबाउंड पर गोल करते हुए भारत को जीत दिलाई।

जीत के बाद भारतीय टीम के कोच शुअर्ड मरेन ने कहा, “मैं जीत से खुश हूं लेकिन प्रदर्शन से नहीं क्योंकि हम इससे बेहतर कर सकते थे। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में हम जिस तरह खेले थे, इस मैच में हम उससे अच्छा खेले। मलेशिया के खिलाफ हमें अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेलना होगा।”

भारत का पहला मैच पाकिस्तान से 2-2 से ड्रॉ रहा था। दूसरे मैच में जीत के साथ भारत पूल-बी में चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493