ब्रिस्बेन, 1 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय निशानेबाजों ने यहां जारी राष्ट्रमंडल निशानेबाजी चैम्पियनशिप में अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा है।
बुधवार को भारत को पुरुष वर्ग की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा और महिला वर्ग की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल हुए।
युवा निशानेबाज शहजार रिजवी ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में अपने हमवतन ओमकार सिंह और जीतू राय को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
इस स्पर्धा में ओमकार को रजत और जीतू को कांस्य पदक हासिल हुआ।
शहजार ने इस स्पर्धा में 581 अंक हासिल किए, वहीं ओमकार को 576 और जीतू को 571 अंक मिले।
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल का स्वर्ण पदक पूजा घटकर के नाम रहा। इस स्पर्धा में उनकी टीम की साथी खिलाड़ी अंजुम मुदगिल ने रजत पदक पर क ब्जा जमाया। इस स्पर्धा में मेघना सज्जनार को पांचवां स्थान हासिल हुआ।
पूजा को इस स्पर्धा में 249.8 अंक हासिल हुए, वहीं अंजुम को 248.7 अंक मिले। मेघना ने 183.8 अंक अपने नाम किए।
भारत ने अब तक इस टूर्नामेंट में तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक हासिल किए हैं।
पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में भारतीय तिकड़ी मेराज अहमद खान, अंगद वीर सिंह बाजवा और सिराज शेख ने फाइनल्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath