राष्ट्रीय फिल्म विरासत मिशन जल्द लागू होगा : सुनील अरोड़ा

नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। सूचना और प्रसारण सचिव सुनील अरोड़ा ने कहा है कि महत्वाकांक्षी फिल्म विरासत मिशन को लागू करने के लिए फिल्म पुनस्र्थापन में कौशल उन्नयन महत्वपूर्ण है।

अरोड़ा रविवार को पुणे में राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अभिलेखागार (एनएफएआई) द्वारा फिल्म संरक्षण तथा पुन:स्थापन पर आयोजित 10 दिन की कार्यशाला के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म विरासत परियोजना की सभी बाधाएं दूर कर ली गई हैं और इसे दो-तीन दिनों में धन की पहली खेप दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्व के श्रेष्ठ व्यवहारों को शामिल कर यह परियोजना समयबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।

सुनील अरोड़ा ने कार्यशाला में अपना ज्ञान साझा करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय फैक्लटी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म संरक्षण और पुन:स्थापन कार्यशाला प्रत्येक दो वर्ष में एक बार आयोजित की जा सकती है। इससे कौशल तथा मानव शक्ति का सृजन होता है। उन्होंने कहा कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय इस सबंध में पूरा समर्थन देने के लिए संकल्पवद्ध है।

जाने-माने अभिनेता और फिल्मकार कमल हसन समापन समारोह में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने सरकार से प्रत्येक राज्य में फिल्म अभिलेखागार सुविधा स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे सिनेमा का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को मदद मिलेगी। उन्होंने एनएफएआई के पूर्व निदेशक दिवंगत पी.के.नायर को श्रद्धांजलि दी और अभिलेखागार में संग्रहों को बढ़ाने में उनकी भूमिका की याद दिलाई। नायर का हाल ही में निधन हो गया था।

दस दिन की कार्यशाला में व्याख्यान, प्रेजेंटेशन तथा प्रैक्टिकल कक्षाएं हुई। इसमें फिल्म संरक्षण तथा संस्थापन से जुड़े अग्रणी अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने योगदान किया। एनएफएआई ने फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन, फिल्म अभिलेखागारों के परिसंघ मार्टिन स्कोरसे विश्व सिनेमा परियोजना, जॉर्ज इस्टमैन फिल्म संग्रहालय तथा ईटली के ला इमेजिन र्रिटोवाटा से सहयोग किया था। कार्यशाला में 61 फिल्म उत्साही लोगों ने हिस्सा लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493