मुम्बई, 6 मई (आईएएनएस)। प्रथम राष्ट्रीय लागोरी चैम्पियनशिप का आयोजन बुधवार से मुंबई में शुरू होगा। विभिन्न राज्यों की 24 टीमों के बीच राष्ट्री लागोरी चैम्पियनशिप का पहला संस्करण 6-8 मई के बीच खेला जाएगा।
हाल ही में भारतीय लागोरी महासंघ ने कर्नाटक के बीजापुर में लागोरी प्रीमियर लीग के पहले संस्करण का आयोजन कराया था, जो काफी सफल रहा था। इससे उत्साहित होकर भारतीय लागोरी महासंघ ने महाराष्ट्र लागोरी संघ के साथ मिलकर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप कराने का फैसला किया।
इसके बाद भारतीय लागोरी महासंघ और अंतर्राष्ट्रीय लागोरी महासंघ साथ मिलकर मुम्बई में ही पहला लागोरी विश्व कप का आयोजन करेंगे। यह अगले साल जनवरी-फरवरी में आयोजित होगा। इसमें 30 से अधिक देशों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र लागोरी संघ के सचिव संतोष गुरव के अनुसार, दादर स्थित ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में होने वाले राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में 24 टीमें हिस्सा लेंगी।
इस चैम्पियनशिप में महाराष्ट्र, दिल्ली, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, बिहार, असम, हरियाणा व गुजरात की टीमें हिस्सा लेंगी। चैम्पियनशिप में महिला एवं पुरुष टीमों के लिए अलग-अलग मुकाबले होंगे।
महाराष्ट्र लागोरी संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिकेत तटकरे ने कहा कि सभी राज्यों के संगठनों के साथ मिलकर वह लागोरी को देश के साथ-साथ दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने का प्रयास करेंगे। तटकरे के मुताबिक उनका मुख्य लक्ष्य लागोरी को खोया गौरव वापस दिलाना है।
dharmpath.com dharmpath