राष्ट्रीय लागोरी फेडरेशन कप शनिवार से दिल्ली में

नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। पहले राष्ट्रीय लागोरी फेडरेशन कप टूर्नामेंट का आयोजन शनिवार से नई दिल्ली में होगा। दो दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में देश भर की चुनिंदा नौ टीमें हिस्सा लेंगी।

भारतीय लागोरी संघ से मान्यता प्राप्त दिल्ली लागोरी संघ इसका आयोजन कर रहा है। इसमें मेजबान दिल्ली के अलावा पंजाब, कर्नाटक, हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान और जम्मू एवं कश्मीर की टीमें शिरकत करेंगी।

भारतीय लागोरी संघ के महासचिव संतोष प्रह्लाद गुरव ने बताया कि फेडरेशन कप के माध्यम से लागोरी संघ पहली बार दिल्ली में कोई आयोजन कर रहा है।

गुरव ने कहा कि अब उनका ध्यान उत्तर भारत में कई अहम आयोजन कराने का है क्योंकि यहां भी लागोरी काफी लोकप्रिय है। यही कारण है कि दिल्ली और हरियाणा की टीमें राष्ट्रीय स्तर पर काफी अच्छा कर रही हैं।

फेडरेशन कप का उद्घाटन द्वारका में किया जाएगा और पद्मश्री पहलवान सतपाल इसके मुख्य अतिथि होंगे।

अभी कुछ दिन पहले सतपाल के दामाद और देश के सबसे नामी पहलवान ओलम्पिक पदक विजेता सुशील कुमार ने संतोष गुरव के साथ लागोरी पर एक पुस्तक का लोकार्पण किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493