रिपब्लिकन सांसदों ने सीरिया के खिलाफ हमलों की प्रशंसा की

वाशिंगटन, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी सीनेट तथा प्रतिनिधि सभा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीरिया सरकार के खिलाफ हमले के फैसले की प्रशंसा की है, लेकिन अमेरिकी कांग्रेस ने मध्य-पूर्व में ‘एक अन्य एकतरफा युद्ध’ शुरू किए जाने को लेकर चेताया भी है।

सीरिया में मंगलवार को हुए रासायनिक हमलों के खिलाफ अमेरिका ने गुरुवार रात सीरिया पर 59 क्रूज मिसाइलों से हमले किए। रासायनिक हमले में 80 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद शासन के खिलाफ अमेरिका का यह पहला सीधा सैन्य हमला है।

सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रिपब्लिकन सीनेटर जॉन मैक्केन तथा लिंडसे ग्राहम ने राष्ट्रपति के फैसले की प्रशंसा की।

मैक्केन तथा ग्राहम ने एक संयुक्त बयान में कहा, “अपने कमांडर-इन-चीफ के आदेशों पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है कि अमेरिका निर्दोष सीरियाई लोगों को रासायनिक हथियारों तथा बैरल बमों से कत्ल करने वाले असद, सहयोगियों तथा रूस के राष्ट्रपति पुतिन के उकसावों को ज्यादा दिन तक बर्दाश्त नहीं करेगा।”

उन्होंने कहा, “पिछली सरकार से अलग रुख अख्तियार करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने सीरिया में एक बेहद निर्णायक पल का सामना किया और कार्रवाई की। इसके लिए वह अमेरिकी लोगों के समर्थन के हकदार हैं।”

सदन के अध्यक्ष पॉल रयान ने कहा कि अमेरिका की सैन्य कार्रवाई ‘उचित और न्यायसंगत’ है।

रयान ने कहा, “ये रणनीतिक हमले स्पष्ट करते हैं कि असद सरकार अमेरिका की निष्क्रियता पर भरोसा नहीं कर सकता, क्योंकि उसने सीरियाई लोगों पर अत्याचार किया है।”

सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने हालांकि तर्क दिया है कि ट्रंप के पास असद सरकार के खिलाफ हमला शुरू करने के लिए अधिकार नहीं हैं।

साल 2013 में राष्ट्रपति बराक ओबामा, असद के खिलाफ हमले की मंजूरी के लिए कांग्रेस गए थे, लेकिन उन्हें इसकी मंजूरी नहीं मिली।

सैन्य हस्तक्षेप पर बार-बार सवाल उठाने वाले सीनेटर रैंड पॉल ने ट्रंप को चेतावनी दी है कि क्षेत्र में नई कार्रवाई के लिए कांग्रेस की मंजूरी लें।

पॉल ने कहा, “हम सीरिया में अत्याचार की निंदा करते हैं, लेकिन राष्ट्रपति को सैन्य कार्रवाई के लिए संविधान के तहत कांग्रेस की मंजूरी लेने की जरूरत है। हमारे द्वारा पहले किए गए सैन्य हस्तक्षेपों ने हमें सुरक्षित करने के लिए कुछ नहीं किया और इस मामले में सीरिया अलग नहीं होगा।”

मिशिगन से रिपबल्किन सदस्य तथा हाउस फ्रीडम कॉकस के सदस्य जस्टिन एमैश ने भी कांग्रेस की कार्रवाई का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, “हवाई हमला युद्ध से संबंधित कार्रवाई है। सीरिया में हुए अत्याचार का मतलब यह नहीं है कि हम संविधान से इतर फैसला लें, युद्ध की घोषणा की जिम्मेदारी कांग्रेस की शक्ति में निहित है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493