मेड्रिड, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। एटलेटिको मेड्रिड और रियल मेड्रिड के बीच विसेंट काल्डेरोन स्टेडियम में खेला गया चैम्पियंस लीग क्वार्टर फाइनल के पहले चरण का मैच गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
दोनों टीमों के बीच अब दूसरे चरण का मैच अगले हफ्ते रियल के घरेलू मैदान सैंटियागो बेर्नाबेयू में खेला जाएगा।
दोनों टीमों के बीच मंगलवार रात खेले गए इस मुकाबले में मध्यांतर से पहले तक रियल हावी रहा, जबकि मध्यांतर के बाद मेजबान एटलेटिको ने मैदान पर अपनी पकड़ थोड़ी मजबूत की। इसके बावजूद रियल मेड्रिड के गोलकीपर आइकेर कासिलास को बहुत कम मशक्कत करनी पड़ी।
खेल के आखिरी मिनट में जरूर एटलेटिको को एक सुनहरा मौका मिला लेकिन टीम उसे गोल में बदलने में नाकाम रही।
मैच से पूर्व सभी का मानना था कि रियल मेड्रिड इस मैदान पर इसी सत्र में इससे पहले मिल चुके तीन हार के कारण ज्यादा रक्षात्मक खेलता नजर आएगा। टीम ने लेकिन इसके उलट पहले मिनट से ही मेजबान पर दबाव बनाया और एटलेटिको को कड़ी चुनौती दी।
मैच के आखिरी क्षणों में एटलेटिको की ओर से फर्नाडो टोरेस, रॉल गार्सिया और मारियो मैंड्जुकिक कुछ बेहतरीन आक्रमण करने में कामयाब रहे लेकिन वे इसे गोल में नहीं बदल सके और मैच 0-0 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
dharmpath.com dharmpath