मेड्रिड, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। स्पेन के फुटबाल क्लब रियल मेड्रिड के मानद अध्यक्ष पाको गेंतो ने बुधवार को कहा कि इस सत्र में क्लब को किसी भी रूप में अपने पुर्तगाली स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो को बेचने के बारे में नहीं सोचना चाहिए।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, रियल के साथ रोनाल्डो के भविष्य के बारे में कई अटकलें लगाई जा रही हैं। इस गर्मी में स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होगी और कहा जा रहा है कि पेरिस सेंट-जर्मेन और मैनचेस्टर युनाइटेड रोनाल्डो के लिए कोई भी बड़ी राशि खर्च करने के लिए तैयार हैं।
इस सत्र में चैम्पियंस लीग में 13 गोल और ला लीगा में 29 गोल के साथ रोनाल्डो सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे हैं। हाल ही में कैम्प नाउ स्टेडियम में उनके गोल की बदौलत रियल ने बार्सिलोना को 2-1 से हराया था।
गेंतो ने वेबसाइट ‘ला गालेरना’ से कहा, “आप कैसे हर दिन इतने गोल करने वाले खिलाड़ी को बेच सकते हैं? नहीं, बिल्कुल नहीं। और, रियल कभी भी अपने खिलाड़ियों को बेचने वाले क्लब में शामिल नहीं रहा है। उसे बेचना नहीं खरीदना चाहिए। क्रिस्टियानो यहां लोगों को जानते हैं और क्लब उन्हें प्यार करता है।”
dharmpath.com dharmpath