रियल मेड्रिड में बदलाव की खातिर जिदान हटे (लीड-1)

मेड्रिड, 31 मई (आईएएनएस)। चैम्पियंस लीग में लगातार तीसरी बार मिली खिताबी जीत के बाद स्पेनिश क्लब रियल मेड्रिड के कोच पद से इस्तीफा देकर सबको हैरान करने वाले जिनेदिन जिदान का कहना है कि क्लब को एक नई आवाज की जरूरत है।

जिदान ने गुरुवार को घोषणा करते हुए कहा कि क्लब में बदलाव की जरूरत है और इसीलिए, उन्होंने यह फैसला लिया।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह लगातार तीसरी बार चैम्पियंस लीग का खिताब दिलाने वाले फ्रेंच कोच जिदान पहले ऐसे कोच बन गए जिनके मार्गदर्शन में क्लब ने लगातार तीन बार लीग खिताब जीता।

पिछले शनिवार को खेले गए मैच में रियल ने लीवरपूल को 3-1 से हराकर लगातार तीसरी बार चैम्पियंस लीग खिताब जीता था।

फ्रांस के 45 वर्षीय निवासी जिदान ने कहा, “मुझे इस क्लब से प्यार है। मेरा यह मानना है कि इस टीम को जीत की राह पर अपना सफर बरकरार रखना चाहिए, लेकिन मुझे लगता है कि इसे बदलाव की जरूरत है।”

जिदान ने कहा, “इस क्लब को एक नई आवाज की जरूरत है, एक नई पद्धति की जरूरत है और इसीलिए, मैंने यह फैसला लिया है।”

उल्लेखनीय है कि इस साल फरवरी में एक बयान में जिदान ने कहा था कि अगर उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनकी ओर से क्लब को और कुछ देने की जरूरत नहीं है, तो वह कोच पद से अलग हो जाएंगे।

जिदान ने कहा, “मुझे पता है कि इस प्रकार के फैसले लेने का यह पल अजीब है, लेकिन यह जरूरी था। मुझे सबके लिए यह करना ही था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493