बार्सिलोना, 24 मई (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब बार्सिलोना के कोच लुइस एनरिक ने कहा है कि चिर-प्रतिद्वंद्वी रियल मेड्रिड के इस सत्र में सवश्रेष्ठ लय में नजर आने के बावजूद उनकी टीम द्वारा खिताब जीतने के कारण यह सत्र ज्यादा खास रहा।
बार्सिलोना ने शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर डेपोर्टिवो ला कोरुना के खिलाफ 2-2 से ड्रा खेला और कुल 94 अंकों के साथ ला लीगा खिताब जीतने में कामयाब रहा। रियल मेड्रिड ला लीगा में केवल 92 अंक जुटा सके।
वेबसाइट ‘गोल डॉट कॉम’ के अनुसार एनरिक ने कहा, “हमारे लिए यह सत्र वाकई अच्छा रहा। रियल मेड्रिड पिछले कुछ वर्षो में पहली बार अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नजर आए और कई मौकों पर हमारे लिए मुश्किलें खड़ी कीं। इसलिए शायद यह जीत हमारे लिए विशेष अहमियत रखता है।”
ला लीगा सत्र भले ही खत्म हो चुका हो लेकिन बार्सिलोना को इस सत्र में अभी दो मैच खेलने हैं। टीम 30 मई को स्पेन के ही क्लब एथलेटिक बिल्बाओ के खिलाफ कोपा डेल रे कप का फाइनल खेलेगी। इसके बाद बार्सिलोना का मुकाबला चैम्पियंस लीग के फाइनल में छह जून को जुवेंतस के खिलाफ होना है।
इस बारे में एनरिक ने कहा, “हम इस साल क्लब और हमारे प्रशंसकों के लिए दो और खिताब हासिल करने की कोशिश करेंगे। यही हमारा लक्ष्य है। हमें लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए क्लब के इतिहास में ऐसा केवल एक बार हुआ है। इसका मतलब है कि यह निश्चित ही बेहद मुश्किल कार्य है।”
dharmpath.com dharmpath