रियो डि जेनेरियो, 13 अगस्त (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने कहा कि रियो 2016 के आयोजक अगले साल ‘उत्कृष्ट ओलंपिक खेलों के आयोजन’ के लिए सही राह पर हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार आईओसी समन्वय आयोग ने दक्षिण अमेरिका में पहली बार होने जा रहे ओलंपिक से पहले इस हफ्ते रियो का अंतिम बार दौरा किया।
अधिकारियों द्वारा जहां रियो में पानी की गुणवत्ता की आलोचना की गईं, वहीं समन्वय आयोग की अध्यक्ष नवल अल मौतावाकेल ने ओलंपिक परीक्षण समारोह की सफलता की सराहना की।
उन्होंने कहा , “हम टीम ब्राजील के लक्ष्य और एकता से खुश हैं। यह अगले साल होने वाले उत्कृष्ट ओलंपिक खेलों की मेजबानी में लगे आयोजकों की क्षमता को दर्शाता है।”
मौतावाकेल लॉस एंजेलिस में साल 1984 के ओलंपिक खेलों में 400 मीटर बाधा दौड़ की विजेता रही हैं।
आईओसी समन्वय आयोग ने तीन दिन तक रियो 2016 का निरीक्षण किया और स्थानीय अधिकारियों के साथ भी बैठक की।
dharmpath.com dharmpath