रियो डी जनेरियो, 19 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय पहलवान संदीप तोमर ब्राजील की मेजबानी में खेले जा रहे ओलम्पिक खेलों में शुक्रवार को पुरुषों की 57 किलोग्राम भारवर्ग 1/8 फाइनल्स स्पर्धा में हार गए हैं।
कारिओका अरेना-2 में खेले गए मुकाबल में संदीप को रूस के विक्टर लेबेडेव ने 7-3 से मात दी। विक्टर को तकनीकि अंकों के आधार पर जीत मिली।
पहले पीरियड में संदीप एक भी अंक हासिल नहीं कर सके जबकि रूसी पहलवान ने इस पीरियड में तीन (1,2) अंक हासिल किए। भारतीय खिलाड़ी को इस पीरियड में एक चेतावनी भी मिली।
दूसरे पीरियड में संदीप ने कुछ दम दिखाया और तीन (1,2) अंक हासिल किए, लेकिन वह विक्टर को पछाड़ पाने में सफल नहीं रहे। विक्टर ने यहां चार (2,2) अंक हासिल किए।
क्लासीफिकेशन अंकों के मामले में भी संदीप विक्टर से पीछे रहे। संदीप को एक क्लासीफिकेशन अंक मिला और विक्टर को तीन क्लासीफिकेशन अंक मिले।
अब संदीप को रेपीचेज का सहारा है। अगर विक्टर फाइनल में पहुंच गए तो फिर संदीप को रेपीचेज खेलने का मौका मिलेगा और तब वह दो मैच जीतकर कांस्य पर कब्जा कर सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath