रियो डी जनेरियो, 22 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील ने अगले वर्ष रियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए पूर्व निर्धारित बजट में सात करोड़ रियाल की बढ़ोतरी करते हुए 38.67 अरब रियाल कर दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार ब्राजील की ओलम्पिक लोक प्राधिकरण (एपीओ) ने शुक्रवार को जारी अपनी तीसरी रिपोर्ट में कहा कि ओलम्पिक खेलों के आयोजन स्थलों की तैयारी में लगने वाली अतिरिक्त लागत के कारण बजट में बढ़ोतरी की गई है।
रियो ओलम्पिक के आयोजन स्थलों की तैयारी में कुल 6.67 अरब रियाल की लागत आने का अनुमान है।
एपीओ संघीय सरकार का अंग है जो रियो ओलम्पिक के आयोजन में हो रहे खर्च का समन्वय देख रही है।
एपीओ अध्यक्ष मार्सेलो पेडरोसो ने कहा कि जरूरी परियोजनाओं की संख्या में अनिश्चितता के कारण अभी अंतिम बजट का पारित होना बाकी है।
आधिकारिक बजट में बढ़ोतरी के अलावा आयोजन समिति के बजट में भी 7.4 अरब रियाल की, जबकि ऐतिहासिक विरासत परियोजनाओं पर 24.6 अरब रियाल की बढ़ोतरी की गई है।
एपीओ ने कहा कि ब्राजील की 96 प्रतिशत ओलम्पिक परियोजनाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं, या उन पर अंतिम चरण का काम चल रहा है।
dharmpath.com dharmpath