रियो ओलम्पिक (टेनिस) : झेंग ने किया उलटफेर, रादवांस्का को हराया

रियो डी जेनेरियो, 7 अगस्त (आईएएनएस)। चीन की अग्रणी महिला टेनिस खिलाड़ी झेंग साईसाई ने ब्राजील की मेजबानी में चल रहे ओलम्पिक खेलों में शनिवार को महिला एकल वर्ग के मुकाबले में उलटफेर करते हुए चौथी वरीय पोलैंड की एग्निएज्का रादवांस्का को मात दे दी।

रियो ओलम्पिक के महिला एकल वर्ग के पहले दौर में 64वीं विश्व वरीयता प्राप्त झेंग ने 18 डब्ल्यूटीए खिताब जीत चुकीं रादवांस्का को सीधे सेटो में 6-4, 7-5 से हराया।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, 22 वर्षीय झेंग अब तक एक भी डब्ल्यूटीए खिताब नहीं जीत सकी हैं और ओलम्पिक में भी पहली बार हिस्सा ले रही हैं।

झेंग अब दूसरे दौर में रूस की 19 वर्षीय दारिया कासातकिना से भिड़ेंगी।

चीन की ही एक अन्य स्टार खिलाड़ी झांग शुआई भी पहले दौर की बाधा पार करने में सफल रहीं। उन्होंने स्विट्जरलैंड की टिमीया बासिंज्की को कड़े संघर्ष में 6-7 (4-7), 6-4, 7-6 (9-7) से हराया।

हालांकि चीन की तीसरी प्रतिभागी पेंग शुआई पहले दौर में हारकर बाहर हो गईं। पेंग को ब्रिटेन की हीथर वाटसन ने 6-4, 6-7 (5-7), 6-3 से हराया।

पुरुष एकल वर्ग में जापान के की निशिकोरी ने स्पेन के एल्बर्ट रामोस विनोलास को सीधे सेटों में 6-2, 6-4 से मात देकर दूसरे दौर में जगह बना ली।

निशिकोरी के हमवतन टारो डेनियल ने भी बड़ा उलटफेर करते हुए अमेरिका के 14वें वरीय जैक सोक को 6-4, 6-4 से हरा दिया।

नौवें वरीय क्रोएशिया के मारिन सिलिक ने बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को आसान मुकाबले में 6-1, 6-4 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493