रियो ओलम्पिक : ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाएं आज से, भारतीयों के सामने कड़ी चुनौती

रियो डी जनेरियो, 12 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील की मेजबानी में चल रहे ओलम्पिक खेलों में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं की शुरुआत शुक्रवार से हो रही है और भारतीय दल के सामने यह एक कड़ी चुनौती होगी।

अपने अभियान का शुक्रवार से आगाज करने वाले भारतीय ट्रैक एंड फील्ड दल को पदक मिलने की संभावना बेहद क्षीण है और पेरिस ओलम्पिक-1900 में नॉर्मन प्रिचार्ड के दो रजत पदक जीतने के बाद से भारत ओलम्पिक की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में कोई पदक हासिल नहीं कर पाया है। हालांकि, भारत इस बार इतिहास को पीछे छोड़ते हुए पदक हासिल करने की पूरी कोशिश करेगा।

भारतीय ट्रैक एंड फील्ड दल में भी पदक की सर्वाधिक उम्मीदें गोला फेंक खिलाड़ी विकास गौड़ा से होंगी। गौड़ा का यह लगातार चौथा ओलम्पिक है और ऐसा करने वाले वह भारत के पहले एथलीट भी हैं।

गौड़ा पिछली बार लंदन ओलम्पिक में फाइनल तक पहुंचने में सफल रहे थे, लेकिन इस बार राष्ट्रमंडल चैम्पियन गौड़ा बिना पदक लिए नहीं लौटना चाहेंगे।

गौड़ा के लिए संभवत: यह आखिरी ओलम्पिक भी होगा, जहां वह अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 66.28 मीटर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए पदक के साथ विदाई लेना चाहेंगे।

तिहरी कूद के खिलाड़ी रंजीत माहेश्वरी भी अच्छे फॉर्म में हैं और उनसे भी पदक की उम्मीद की जा सकती है।

लंदन ओलम्पिक में रंजीत क्वालिफिकेशन दौर में लगातार तीनों प्रयास में चूक गए थे और क्वालिफिकेशन दौर से ही उनका सफर खत्म हो गया था।

घरेलू दर्शकों के सामने दिल्ली में हुए राष्ट्रमंडल खेलों-2010 में रंजीत ने 17.07 मीटर की दूरी तय कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया था, जिसे 2014 में अर्पिदर सिंह ने तोड़ा।

इसके बाद रंजीत ने इसी साल बेंगलुरू में हुए इंडियन ग्रांप्री. में अपने पूर्व प्रदर्शन में सुधार करते हुए 17.30 मीटर के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया।

लंदन ओलम्पिक में दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से असफल रहने के बाद रंजीत का लक्ष्य इस बार कम से कम फाइनल तक पहुंचने का रहेगा।

लंबी कूद में अंकित शर्मा 8.17 मीटर के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी हैं।

ट्रैक स्पर्धाओं में फर्राटा धावक ओडिशा की श्रावणी नंदा ने 23.07 सेकंड में 200 मीटर दूरी तय कर रियो के लिए क्वालिफाई किया।

पी. टी. ऊषा के बाद 36 वर्षो में पहली बार ओलम्पिक की बेहद प्रतिष्ठित 100 मीटर फर्राटा दौड़ में दुति चंद भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। जीत से ज्यादा अहम स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश करना होगा।

लंबी दौड़ में जरूर भारत को ललिता बाबर, सुधा सिंह, ओ. पी. जैशा, कविता राउत और चार गुणा 400 मीटर रिले टीम से उम्मीद रहेगी।

गोला फेंक में सीमा पुनिया और चक्का फेंक में मनप्रीत कौर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493