रियो डी जनेरियो, 12 अगस्त (आईएएनएस)। रियो ओलम्पिक में अमेरिका के दिग्गज तैराक ने एक नया इतिहास रच दिया और अपने लक्ष्य को पूरा कर लिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, फेल्प्स विश्व के ऐसे तीसरे एथलीट बन गए हैं, जिन्होंने एक ही स्पर्धा में लगातार चार ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक जीता है।
अमेरिका के दिग्गज तैराक से पहले लगातार चार ओलम्पिक खेलों में एक ही स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने का यह कीर्तिमान अल ओएटेर (चक्का फेंक) और कार्ल लेविस (लंबी कूद) के नाम है।
फेल्प्स ने गुरुवार को रियो ओलम्पिक में पुरुषों की 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
फेल्प्स ने स्पर्धा के फाइनल में एक मिनट 54.66 सेकेंड का समय निकाला और जीत हासिल की। जापान के कोसुके हागिनो को रजत पदक हासिल हुआ। वह अमेरिकी तैराक से दो सेकेंड के अंतराल से पिछड़ गए।
ओलम्पिक एक्वेटिक्स स्टेडियम में हुई इस स्पर्धा में चीन के वांग शुन ने कांस्य पदक हासिल किया।
रियो ओलम्पिक में गुरुवार के मिली जीत के बाद फेल्प्स के पास अब ओलम्पिक करियर में 22 स्वर्ण पदक हो गए हैं और वह ओलम्पिक खेलों के सबसे सफल एथलीट होने का रिकॉर्ड जारी भी रख सकते हैं।
इससे पहले रियो ओलम्पिक में फेल्प्स ने 200 मीटर बटरफ्लाई, चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल और चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीता था।
रियो ओलम्पिक में शुक्रवार को फेल्प्स 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में हिस्सा लेंगे और उम्मीद जताई जा रही है कि वह चार गुणा 100 मीटर मेडले रिले में भी हिस्सा ले सकते हैं।
रियो ओलम्पिक में गुरुवार को ही महिलाओं की 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में अमेरिका की सिमोन मैनुएल और कनाडा की पैने ओलेक्सियाक को स्वर्ण पदक हासिल हुआ। वहीं स्वीडन की सारा ने कांस्य पदक जीता।
dharmpath.com dharmpath