रियो ओलम्पिक (निशानेबाजी) : फाइनल में नहीं पहुंच सके नारंग, चैन सिंह (लीड-1)

रियो डी जनेरियो, 12 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय निशानेबाज गगन नारंग और चैन सिंह रियो ओलम्पिक के सातवें दिन शुक्रवार को 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश नहीं कर सके।

ओलम्पिक शूटिंग सेंटर में हुए क्वालिफिकेशन राउंड में नारंग 13वां और चैन सिंह 36वां स्थान हासिल कर सके।

नारंग ने कुल 623.1 अंक हासिल किए, जबकि चैन सिंह के कुल 619.6 अंक रहे।

शीर्ष आठ निशानेबाजों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। रूस के सर्गिये कामेनेस्की शीर्ष स्थान पर रहे उनका कुल स्कोर 629.0 रहा। उन्होंने छह राउंड के मुकाबले में 103.9, 105.1, 106.0, 104.7, 105.2, 104.1 का स्कोर किया।

वहीं रूस के ही किरिल ग्रीगोरयान 628.9 अंकों के साथ दूसरे और दक्षिण कोरिया के जोंदयुहान किम 628.1 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

नारंग शुरुआती राउंड में तो अच्छी लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने पहले राउंड में 104.7 अंक हासिल किए जो उनका सर्वश्रेष्ठ रहा, जिसके कारण वह चौथे स्थान पर आ गए थे। दूसरे राउंड में 104.4 अंक हासिल कर नारंग तीसरे स्थान पर आ गए। लेकिन इसके बाद उनका प्रदर्शन निरंतर गिरता ही गया।

तीसरे राउंड में वह 104.6 अंक हासिल कर पाए। इस राउंड में नारंग एक समय तीसरे-चौथे स्थान पर चल रहे थे।

लंदन ओलम्पिक-2012 में कांस्य पदक दिलाने वाले नारंग तीसरे राउंड के बाद पांचवें स्थान पर आ गए।

चौथे राउंड में उनका प्रदर्शन और गिर गया और वह 103 अंकों तक ही सीमित रहे। पांचवें राउंड में भी 104 का स्कोर ही कर सके जबकि आखिरी राउंड में उनका प्रदर्शन सबसे खराब रहा और वह सिर्फ 102.4 अंक हासिल कर सके।

चैन सिंह ने भी शुरुआत तो अच्छी की और पहले राउंड में 104.1 का स्कोर किया, लेकिन दूसरे राउंड में वह ध्यान केंद्रित नहीं कर सके और सिर्फ 101 का स्कोर हासिल कर सके।

चैन सिंह का सर्वश्रेष्ठ तीसरे राउंड में आया, जब उन्होंने 104.4 अंक हासिल किया। चौथे राउंड में चैन सिंह ने 102.4 अंक हासिल किए। पांचवें और छठें राउंड में वह 103.9 और 103.8 का स्कोर ही कर पाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493