रियो डी जेनेरियो, 7 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी महिला निशानेबाज हिना सिधू निराशाजनक प्रदर्शन करते हुए रविवार को रियो ओलम्पिक की 10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
हिना ने ओलम्पिक शूटिग सेंटर में आयोजित क्वालीफाईंग दौर में 14वां स्थान हासिल किया। हिना ने चार सीरीज में 380 अंक जुटाए।
हिना शुरुआत से ही स्पर्धा में नजर नहीं आ रही थीं। उन्होंने पहली सीरीज में 94 अंक हासिल किए। दूसरी सीरीज में वह सिर्फ 95 अंक ही हासिल कर सकीं और लुढ़क कर 29वें स्थान पर आ गईं।
तीसरी सीरीज में हिना ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया और 20वें स्थान पर आ गईं। इस सीरीज में उन्होंने 96 अंक अपने नाम किए। हालांकि अंत के कुछ शॉट में वह अपनी लय बरकरार नहीं रख पाई थीं।
भारतीय खिलाड़ी ने चौथी सीरीज की शुरुआत 25वें स्थान से की। इस सीरीज में वह अपने खेल में निरंतरता नहीं रख पाईं और पहले दो शॉट में नौ और 10 अंक हासिल किए।
उनके अंतिम तीन शॉट नौ, 10 और 10 के रहे जिसके कारण उनका इस सीरीज का स्कोर 95 रहा।
कुल आठ निशानेबाजों ने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। रूस की वितालिना बात्साराशाकिना ने क्वालीफाईंग में 390 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।
रूस की ही एकातरीना कोशुर्नोवा ने 387 अंकों के साथ दूसरा और ग्रीस की एना कोराकाकी ने 387 अंकों के साथ ही तीसरा स्थान हासिल किया।
dharmpath.com dharmpath