रियो डी जेनेरियो, 1 अगस्त (आईएएनएस)। तेज हवा और समुद्र की ऊंची लहरों ने रियो ओलम्पिक-2016 के नौकायन स्थल को काफी क्षति पहुंचाई है, जिसके बाद एक बार फिर स्थानीय निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सबसे गंभीर हादसा शनिवार को मारिना डी ग्लोरिया में हुआ, जो नौकायन खेल का स्थल है। जहां लहरों ने मुख्य रैम्प को काफी क्षति पहुंचाई है।
आयोजकों ने कहा है कि जिस कंपनी ने इसका निर्माण किया था वह नुकसान की जांच कर रही है, लेकिन उन्होंने इस बारे में कोई समयसीमा नहीं बताई है कि यह कब तक ठीक हो जाएगा।
खराब मौसम के कारण कोपाकाबाना बीच पर बने टीवी स्टूडियो को भी काफी नुकसान हुआ है।
कर्मचारियों ने लहरों को रोकने के लिए लोहे का सेतु बना दिया था, ताकि ज्यादा नुकसान न हो सके। बीच वॉलीबाल क्षेत्र को बचाने के लिए रेतीले टीले बना दिए थे।
रियो के निर्माण कार्य पर अप्रैल में भी सवालिया निशान खड़े हुए थे। तब नया मोटरसाइकिल ट्रेक गिर गया था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath