रियो ओलम्पिक (बैडमिंटन) : डैन को हरा एक्सेलसेन ने जीता कांस्य

रियो डी जनेरियो, 20 अगस्त (आईएएनएस)। डेनमार्क के पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसेन ने ब्राजील की मेजबानी में खेले जा रहे 31वें ओलम्पिक खेलों में शनिवार को पुरुष एकल वर्ग के मुकाबले में मौजूदा चौम्पियन चीन के लिन डैन को हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।

रियोसेंटर पवेलियन-4 में खेले गए इस मुकाबले में विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त विक्टर ने दो बार के मौजूदा विजेता डैन को 15-21, 21-10, 21-17 से हरा कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

विक्टर ने पहला गेम हारने के बाद जबरदस्त वापसी की और अगले दोनों गेम जीतते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी डैन ने पहले गेम में शानदार खेल दिखाया और 23 मिनट में गेम अपने नाम कर लिया। विक्टर ने दूसरे गेम में वापसी की और एकतरफा खेल दिखाया। डैन इस गेम में डेनमार्क के खिलाड़ी से मुकाबला नहीं कर पा रहे थे। विक्टर 19 मिनट में 21-10 से गेम जीत मुकाबला तीसरे गेम में ले गए।

तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों ने कड़ा संघर्ष किया। एक-एक अंक के अंतर पर काफी देर तक मुकाबला चलता रहा। एक समय स्कोर 15-15 और फिर 17-17 रहा।

मैच किसी भी तरफ जा सकता था, लेकिन विक्टर ने लगातार चार अंक हासिल करते हुए गेम के साथ-साथ मैच जीत कांस्य पर कब्जा जमाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493