रियो डी जनेरियो, 21 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका की पुरुष एवं महिला टीमों ने शनिवार को रियो ओलम्पिक में 4 गुणा 400 मीटर रिले रेस में अपने देश का वर्चस्व कायम करते हुए स्वर्ण पदक जीता। जमैका को दोनों वर्गो में रजत प्राप्त हुआ।
अमेरिकी पुरुष दल ने ओलम्पिक स्टेडियम में आयोजित अंतिम स्पर्धा में 2:57.30 मिनट समय के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि जमैका ने 2:58.16 मिनट के साथ रजत और बहामास ने 2:58.49 मिनट के साथ कांस्य जीता।
विजयी अमेरिकी टीम में अर्मान हॉल, टोनी मैक्वे, गिल रोबर्ट और लाशान मेरिट शामिल हैं। दूसरी और जमैका की टीम में पीटर मैथ्यूज, नेथन एलन, फिटजोरी डंकले और जेवोन फ्रांसिस शामिल हैं।
इससे पहले, अमेरिकी महिलाओं ने 3:19.06 मिनट के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि जमैका ने 3:20.34 मिनट के साथ दूसरा स्थान पाया।
जमैका ने पुरुष वर्ग में भी इस स्पर्धा का रजत जीता है। अमेरिकी पुरुषों ने महिलाओं की तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए सोना जीता है।
ब्रिटेन ने 3:25.88 मिनट समय के साथ कांस्य जीता। अमेरिका और जमैका ने इस सीजन का अपना अब तक का सबसे अच्छा समय निकाला।
dharmpath.com dharmpath