रियो ओलम्पिक (साइकिलिंग) : ब्रेगेन ने कायम रखी नीदरलैंड्स की बादशाहत

रियो डी जेनेरियो, 8 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजीलियाई महानगर रियो डी जेनेरियो में चल रहे ओलम्पिक खेलों की महिला साइकिलिंग रोड रेस में रविवार को एना वान डर ब्रेगेन ने नीदरलैंड्स को ओलम्पिक का पहला स्वर्ण पदक दिलाया और ओलम्पिक की महिला साइकिलिंग स्पर्धा में नीदरलैंड्स की बादशाहत कायम रखी।

हालांकि नीदरलैंड्स का रियो ओलम्पिक में यह अब तक का एकमात्र पदक भी है। चार साल पहले लंदन ओलम्पिक-2012 में नीदरलैंड्स की ही मारियान्ने वॉस ने इस स्पर्धा का स्वर्ण जीता था।

68 प्रतिभागियों के बीच ब्रेगेन ने तीन घंटा 51.27 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। मुकाबला बेहद कठिन रहा और सेकेंड के सौवें हिस्से से अंतर के आधार पर रजत और कांस्य पदक विजेताओं का निर्णय हुआ।

स्वीडेन की एम्मा जोहानसन और इटली की एलिजा लोंगो ब्रोगिनी ने भी ब्रेगेन के लगभग साथ ही फिनिश लाइन पार की, लेकिन सेकेंड में समय के विभाजन के आधार पर जोहानसन दूसरे और ब्रोगिनी तीसरे स्थान पर रहीं।

हालांकि महिला रोड रेस में दुखद नाटकीय घटनाएं देखने को मिलीं, जब सबसे आगे चल रहीं नीदरलैंड्स की ही एनेमिक वान व्लूटेन गंभीर रूप से सड़क के एक मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं और उन्हें रेस से हटना पड़ा।

व्लूटेन को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, हालांकि रियो ओलम्पिक की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार उनकी हालत स्थिर है। वेबसाइट पर अंतर्राष्ट्रीय साइकिलिंग महासंघ (यूसीआई) के हवाले से कहा गया है, “व्लूटेन पूरे होशो-हवास में हैं और बातचीत कर रही हैं। उन्हें अभी अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।”

स्वर्ण पदक विजेता ब्रेगेन ने कहा, “जब मैंने उन्हें दुर्घटनाग्रस्त होते देखा तो मैं सहम गई। वह देखने में अच्छा नहीं लगा, लेकिन मुझे आगे की रेस पर ध्यान लगाना था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493