रियो डी जेनेरियो, 8 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 36 साल बाद ओलम्पिक खेलों में कदम रखा है और टीम के इस लंबे इंतजार का असर उनके प्रदर्शन पर साफ तौर पर देखा जा सकता है।
रियो ओलम्पिक में रविवार को जापान के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, उसे जीत हासिल नहीं हुई लेकिन सुशीला चानू की कप्तानी वाली टीम ने अपनी उम्मीदों को भी बिखरने नहीं दिया।
जापान के खिलाफ रविवार को खेला गया टीम का पहला पूल मैच 2-2 से ड्रॉ रहा।
ओलम्पिक हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जापान के लिए इमी निशिकोरी और मेई नाकाशिम ने गोल किए। भारत की तरफ से रानी रामपाल और लिलिमा मिंज ने गोल किए।
सुशीला की कप्तानी वाली टीम अब पूरी तरह से ब्रिटेन के खिलाफ होने वाले अपने दूसरे मुकाबले के लिए तैयार है। हालांकि, भारत के लिए यह मुकाबला बिल्कुल भी आसान नहीं होने वाला है।
इस साल मई में हुए इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम को ब्रिटेन से 0-5 से हार का सामना करना पड़ा था। मुख्य को निल हॉगुड का कहना है कि टीम ने अपनी फार्म में काफी सुधार किया है और अब वह अपने दूसरे मुकाबले के लिए पूर्ण रूप से तैयार है।
हॉगुड ने कहा, “इंग्लैंड का दौरा एक तरह से प्रदर्शनी था। इसमें लड़कियों को अपने खेल के बारे में समझना जरूरी था। इस दौरे से काफी कुछ सीखने लायक था।”
लंदन ओलम्पिक-2012 में कांस्य पदक जीतने वाली टीम ब्रिटेन का लक्ष्य भी इस बार बेहतर खेल दर्शाने का होगा। इस टीम में विश्व की बेहतरीन महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं।
पिछले साल अगस्त में ब्रिटेन ने यूनीबेट यूरो हॉकी चैम्पियनशिप का खिताब जीता था और इसके अलावा उसी वर्ष जून मे टीम ने वालेंसिया विश्व हॉकी लीग के सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
ब्रिटेन के रियो ओलम्पिक अभियान की शुरुआत जीत के साथ हुई है। टीम ने अपने पहले मुकाबले में आस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को 2-1 से मात दी।
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान और डिफेंडर सुशीला ने कहा, “हमारे लिए ब्रिटेन एक कड़ी चुनौती होगी। हम जापान के खिलाफ अपना मुकाबला जीतना चाहते थे, लेकिन अपनी टीम के मजबूत खेल से मैं काफी खुश हूं।”
सुशील ने कहा, “ब्रिटेन के पास एलेक्स डान्सन, लिली ऑस्ले, केट और हेलेन रिचर्डसन जैसी दिग्गज खिलाड़ी हैं और हमें पेनल्टी कॉर्नर के खेल पर काम करने की जरूरत है।”
ब्रिटेन के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम का मुकाबला नौ अगस्त को भारतीय समयानुसार दिन में 2.30 बजे होगा।
dharmpath.com dharmpath