रियो डी जेनेरियो, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। रियो 2016 के आयोजकों ने आम जनता में से ओलंपिक मशाल धारकों की खोज शुरू कर दी है।
इसके लिए आयोजकों ने एक अभियान की शुरुआत की है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार रियो 2016 समारोहों के निदेशक लियोनाडरे केटानो ने कहा, “हम जानते हैं कि ब्राजील के बारे में सबसे अच्छी बात है, इसके लोग और इसीलिए हम असली लोगों की कहानी सुनना चाहते हैं।”
अगले साल मई में शुरू होने वाली 20,000 किलोमीटर की यात्रा में करीब 12,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
‘रियो 2016 डॉट कॉम’ के मुताबिक आयोजक उन ब्राजील निवासियों के नामांकन की मांग कर रहे हैं , जिन्होंने अपने समुदाय में कुछ अलग करने के लिए दूसरों को प्रेरित किया है।
लियोनाडरे ने कहा, “ओलंपिक मशाल रिले में हिस्सा लेना विशेष रूप से हस्तियों और एथलीटों के लिए नहीं है। इसमें हर कोई हिस्सा ले सकता है, किसी का नामांकन होना या मशालधारी बनना, यह दर्शाता है कि उन्होंने दूसरों के जीवन में बदलाव किया है।”
ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया में 3 मई से शुरू होने वाले 95 दिनों की यात्रा से पहले मशाल की लौ ग्रीस के ओलंपिया में 21 अप्रैल को प्रज्वलित की जाएगी।
यह रिले ब्राजील के 300 से अधिक शहरों से होकर गुजरेगी और 5 अगस्त को उद्घाटन समारोह के लिए रियो के माराकाना स्टेडियम पहुंचेगी।
dharmpath.com dharmpath