रियो पैरालम्पिक : चीन ने पूरे किए 100 स्वर्ण पदक

रियो डी जनेरियो, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। ब्राजील की मेजबानी में खेल जा रहे 15वें ग्रिष्मकालीन पैरालम्पिक खेलों में चीन ने 100 से अधिक स्वर्ण पदक जीत लिए।

पैरालम्पिक खेलों के इतिहास में किसी एक संस्करण में 100 या उससे अधिक स्वर्ण पदक जीतने वाली चीन तीसरा देश बन गया।

चीन ने पैरालम्पिक खेल-2016 के समापन से एक दिन पहले शनिवार को कुल नौ स्वर्ण पदक अपने नाम किए और यह शानदार उपलब्धि हासिल की।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार शनिवार को चीन द्वारा जीते गए नौ स्वर्ण पदकों में सात पदक एथलेटिक्स की स्पर्धाओं से आए, जबकि दो स्वर्ण पदक टेबल टेनिस और तैराकी में मिले।

शनिवार की स्पर्धाएं समाप्त होने पर चीन 105 स्वर्ण पदक, 81 रजत पदक और 51 कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर बना रहा।

चीन से पहले पैरालम्पिक खेलों के किसी एक संस्करण में 100 या उससे अधिक स्वर्ण पदक जीतने का रिकॉर्ड अमेरिका और ब्रिटेन के नाम था।

अमेरिका ने न्यूयार्क पैरालम्पिक-1984 में 136 स्वर्ण पदक जीते थे, जबकि ब्रिटेन इसी संस्करण में 107 स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहा था।

शनिवार को चीन के पांच ट्रैक एंड फील्ड पैरा-एथलीटों ने विश्व रिकॉर्ड कायम करते हुए स्वर्ण पदक जीते, जिनमें चार महिला एथलीट रहीं।

इनमें महिलाओं की 15,00 मीटर स्पर्धा (टी11) की विजेता झेंग जिन, महिलाओं की चक्का फेंक स्पर्धा (एफ38) की विजेता मी ना, महिलाओं की 800 मीटर स्पर्धा (टी53) की विजेता झोऊ होंगझुआन, महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा (टी35) की विजेता झोऊ शिया और पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले स्पर्धा (टी 53/54) में कुई यानफेंग, लियू यांग, ली हुझाओ और लीयू चेंगमिंग वाली चीनी टीम शामिल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493